जर्जर पड़ी मथुरापुरा तलैया बनी जनसहभागिता की मिसाल, जल सहेलियों ने किया श्रमदान

SHARE:

देनिक केसरिया हिंदुस्तान अमित जोशी निवाड़ी

निवाड़ी। जिले में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में परमार्थ समाजसेवी संस्था द्वारा लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम मथुरापुरा में जल सहेलियों एवं ग्रामीणों ने प्राचीन तलैया पर श्रमदान कर जल संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दिया।
यह वही तलैया है जो कुछ समय पहले तक पूरी तरह जर्जर एवं उपेक्षित अवस्था में पड़ी हुई थी। तलैया में गाद भर जाने, बंधान कमजोर होने और जल संग्रहण क्षमता समाप्त होने से यह जल स्रोत बेकार हो चुका था। परमार्थ समाजसेवी संस्था ने जिला प्रशासन के सहयोग एवं *डॉ. संजय सिंह* के मार्गदर्शन में समुदाय को साथ जोड़ते हुए इस तलैया के पुनर्जीवन का कार्य शुरू किया। संस्था द्वारा तलैया का गहरीकरण कराया गया, वर्षों से जमा गाद निकलवाई गई तथा बंधान को मजबूत कर जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई गई।
अब यही तलैया गांव में जल संरक्षण का एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रही है। जल सहेलियों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए तलैया की साफ-सफाई की और इसके संरक्षण एवं नियमित देखरेख की सामूहिक शपथ भी ली। परमार्थ संस्था से मनोज पाल ने कहा कि जल स्रोतों को बचाना केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
परमार्थ संस्था द्वारा गांवों में केवल जल संरक्षण ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामुदायिक सहभागिता एवं व्यवहार परिवर्तन को लेकर भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पहल से ग्रामीणों में जल के प्रति जिम्मेदारी एवं संरक्षण की भावना मजबूत हो रही है और लोग स्वयं जल स्रोतों की देखभाल के लिए आगे आ रहे हैं।
जिला प्रशासन एवं परमार्थ संस्था के संयुक्त प्रयासों से निवाड़ी जिले में जल संरक्षण को नई दिशा मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे ऐसे नवाचार आने वाले समय में जिले को जल संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता का आदर्श मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment