जितेन्द्र कुमार शर्मा
संवाददाता पूरनपुर/पीलीभीत
दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
अभियान के अंतर्गत पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन चेकिंग की गई।इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यात्री कर अधिकारी के साथ-साथ थाना अध्यक्ष गजरौला ब्रजवीर सिंह एवं थाना अध्यक्ष बरखेड़ा प्रमेंद्र कुमार के साथ संयुक्त चेकिंग कार्यवाही करते हुए पीलीभीत पूरनपुर मार्ग एवं पीलीभीत बीसलपुर मार्ग से गुजर रही बसों की गहन जांच की गई। इसी दौरान पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर दो बसें पकड़ी गईं, जिनमें से एक बस बरेली जनपद तथा दूसरी बस अरुणाचल प्रदेश में पंजीकृत पाई गई। उक्त बसें क्रमशः जयपुर एवं दिल्ली के लिए संचालित हो रही थीं। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों बसें पौटा कलां क्षेत्र में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से फुटकर सवारियां बैठा रही थीं।अधिकारियों द्वारा बसों की विस्तृत जांच किए जाने पर यह भी पाया गया कि दोनों वाहनों में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक स्लीपर सीटें लगाई गई थीं, जो कि मोटर वाहन अधिनियम एवं यात्री सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस प्रकार की अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों बसों को जिरौनिया पुलिस चौकी में निरुद्ध कर दिया गया। साथ ही संबंधित पंजीकरण कार्यालयों को वाहनों के तकनीकी निरीक्षण की रिपोर्ट एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु विवरण प्रेषित किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध अनुमति एवं निर्धारित मानकों के विपरीत वाहन संचालन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यात्री सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध भविष्य में और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।इसके अतिरिक्त यातायात निदेशालय के निर्देशों के अनुपालन में पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग पर सराय सुंदरपुर टोल प्लाजा एवं पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा के निकट ड्रंकन ड्राइविंग के विरुद्ध विशेष अभियान भी चलाया गया। अभियान के अंतर्गत मार्ग से गुजर रहे वाहनों को रोककर उनके चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच के दौरान 23 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई।अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है तथा इससे न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य राहगीरों एवं यात्रियों के जीवन को भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। ऐसे में ड्रंकन ड्राइविंग करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी यातायात आकृति पटेल एवं एआरटीओ प्रवर्तन वीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें तथा शराब पीकर वाहन चलाने से पूर्णतः बचें।
इस संयुक्त अभियान में थाना अध्यक्ष गजरौला ब्रजवीर सिंह, थाना अध्यक्ष बरखेड़ा प्रमेंद्र कुमार, यात्रीकर अधिकारी बर्डीस चतुर्वेदी, यातायात उप निरीक्षक राघवेंद्र चौहान सहित पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम उपस्थित रही।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







