लेख – मोहन गुर्जर (मनोज)
पत्रकार
कभी-कभी हम रिश्तों को एकतरफा ही निभाते रहते हैं…
क्योंकि हमें लगता है कि जैसा अपनापन, जैसा प्यार और जैसा समय हम सामने वाले को दे रहे हैं, वैसा ही वो भी हमें लौटाएगा। यही उम्मीद हमें बार-बार उस रिश्ते से जोड़े रखती है।
हम हर बार खुद आगे बढ़कर मैसेज करते हैं, कॉल करते हैं, हाल-चाल पूछते हैं…
बस इस विश्वास के साथ कि सामने वाला भी हमें उतना ही महसूस करता होगा। हमें लगता है कि हमारी कमी उसे भी उतनी ही खलेगी, जितनी हमें उसकी खलती है। लेकिन धीरे-धीरे सच्चाई सामने आने लगती है।
कई बार सामने वाला हमारे जज़्बातों को समझ ही नहीं पाता। वह हमारे प्रयासों को हमारी आदत समझने लगता है। उसे लगने लगता है कि हम तो हमेशा ही उसके पास आएंगे, इसलिए उसे कुछ करने की जरूरत नहीं है। और यहीं से रिश्ते में दूरी बढ़ने लगती है।
हम पूरी ईमानदारी से रिश्ते को निभाते रहते हैं, लेकिन सामने वाला धीरे-धीरे हमें नज़रअंदाज़ करने लगता है। हम सोचते रहते हैं कि शायद वो व्यस्त होगा, शायद कोई परेशानी होगी… लेकिन सच्चाई यह होती है कि हमारी अहमियत उसके लिए उतनी नहीं रह जाती, जितनी हम समझते हैं।
यह सिर्फ प्रेम के रिश्तों में ही नहीं, बल्कि हर रिश्ते में देखने को मिलता है-चाहे वह भाई-बहन का रिश्ता हो, दोस्ती हो या पति-पत्नी का साथ। जब एक व्यक्ति पूरी दिल से जुड़ा होता है और दूसरा उतना जुड़ नहीं पाता, तो तालमेल अपने आप कमजोर पड़ने लगता है।
धीरे-धीरे एक समय ऐसा आता है जब इंसान अंदर से थक जाता है। वह बाहर से सबके साथ हंसता है, लेकिन अंदर ही अंदर अकेलापन महसूस करता है। उसे लगने लगता है कि वह भीड़ में होते हुए भी कहीं खो गया है। सबसे ज्यादा दर्द तब होता है, जब हम किसी को अपनी दुनिया मान लेते हैं, और उसके लिए हम सिर्फ एक आदत बनकर रह जाते हैं।
ऐसे में जरूरी है कि हम खुद को समझें और अपने आत्मसम्मान को भी उतनी ही अहमियत दें। रिश्ते निभाना अच्छी बात है, लेकिन खुद को खोकर नहीं। सच्चा रिश्ता वही होता है, जिसमें दोनों तरफ से बराबर का प्यार, सम्मान और प्रयास हो।
क्योंकि रिश्ता तभी खूबसूरत होता है,
जब वो दोनों तरफ से निभाया जाए…
वरना एकतरफा निभाने वाला,
आखिर में सिर्फ अकेला रह जाता है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







