धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
जिले में आयोजित होने वाला जनसुनवाई कार्यक्रम अब आमजन के लिए राहत, समाधान और त्वरित सहायता का सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। जनसुनवाई में पहुंचने वाले आवेदकगण अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो रहा है।कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में राजस्व, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, पेयजल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आवेदनों का निराकरण कर रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान कई आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की जा रही है। पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन पात्रता पर्ची, श्रमिक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना योजना, छात्रवृत्ति तथा राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई मौके पर ही की जा रही है। इसके अतिरिक्त भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, पेयजल समस्या, विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में आए अनेक नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से उन्हें बिना भटकाव के अपनी समस्या रखने का अवसर मिल रहा है तथा संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित हो रही है। इससे शासन और आमजन के बीच संवाद मजबूत हुआ है तथा लोगों का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था पर बढ़ा है।
जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ समय पर मिल सके।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







