दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
मथुरा। मथुरा जंक्शन से अयोध्या के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह ट्रेन भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा को भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से सीधे जोड़ेगी, जिससे श्रद्धालुओं को तेजए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन के संचालन के लिए फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने रेलवे प्रशासन को पत्र लिखा है। रेलवे प्रशासन अब ट्रेन संचालन का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। वर्तमान में मथुरा से अयोध्या तक पारंपरिक ट्रेनों या सड़क मार्ग से सफर में काफी समय लगता है। वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के बाद यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित होगी और यात्रियों को आरामदायक चेयर, सीसीटीवी, ऑटोमेटिक दरवाजे जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इस ट्रेन के शुरू होने से श्रद्धालु कम समय में मथुरा और
अयोध्या दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
प्रस्तावित रूट के अनुसार ट्रेन मथुरा जंक्शन, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर और लखनऊ होते हुए अयोध्या तक संचालित की जा सकती है। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। होटल व्यवसायए स्थानीय गाइड, हस्तशिल्प और परिवहन से जुड़े कारोबारियों की आय में भी वृद्धि होगी।
भारतीय रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि सांसद द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन संचालन की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







