नारायणपुर में साल वृक्ष के नीचे लगा शिविर में 10 गांवों का उमड़ा जनसैलाब

SHARE:

स्वास्थ्य मंत्री बोले सरकार अब गांव-गांव पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान’
देनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड मनेंद्रगढ़ की ग्राम पंचायत नारायणपुर में आयोजित विशाल जनसमस्या निवारण शिविर जनसेवा, संवेदनशील प्रशासन और सुशासन का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। “संवाद से संपूर्ण समाधान” की थीम पर आयोजित इस शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की ऐतिहासिक भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में शासन के प्रति विश्वास, प्रशासन की सक्रियता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, जिला पंचायत उमउइमत रामजीत लकड़ा, जनपद सदस्य रविशंकर वैश्य, सीता देवी आयाम, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राम पंचायत बौरीडांड, चनवारीडांड, चौघड़ा, तेंदूडांड, पाराडोल, बंजी, बुंदेली, नारायणपुर, छिपछिपी और भौंता से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।
शिविर में 536 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास की चाबी तथा आधार कार्ड अपडेट जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही पांच हितग्राहियों को छड़ी वितरित की गई। योजनाओं का लाभ सीधे मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि अब शासन केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा, “मैं यहां भाषण देने नहीं आया हूं, बल्कि मुख्यमंत्री ने मुझे यह देखने भेजा है कि शिविरों में जनता की समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में इस क्षेत्र को लगभग 3000 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगातार सड़क निर्माण हो रहा है, बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है तथा वन अधिकार पट्टा धारकों के सर्वे का कार्य भी जारी है। 10 पंचायतों में 13 नई सड़कों की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से बैंक खातों में ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बन चुका है।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशवंती सिंह ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment