दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी/मनेंद्रगढ़
देश में डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और बढ़ती महंगाई को लेकर जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर प्रधानमंत्री के बयान को आम जनता, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग की परेशानियों का मजाक बताते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री की अपील ने राहत देने के बजाय लोगों के जख्मों पर नमक डालने का काम किया है।”
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले दो माह से देशभर में पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत बनी हुई है। आम जनता पहले से महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे समय प्रधानमंत्री द्वारा लोगों से कम उपयोग करने की अपील करना सरकार की विफलता को दर्शाता है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट से देश का हर वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार समाधान निकालने के बजाय लोगों को कम उपयोग करने की सलाह दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद नहीं मिल रहा, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आम आदमी घर चलाने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हो गया है। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि जिम्मेदारियों से बचने के लिए अपील जारी करनी चाहिए।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील देश की वास्तविक परिस्थितियों से पूरी तरह अलग है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में लोग पेट्रोल-डीजल और गैस संकट से जूझ रहे हैं।सरगुजा और एमसीबी क्षेत्र में कई जगहों पर ईंधन की कमी बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।उन्होंने कहा कि किसान खाद और डीजल की समस्या से परेशान हैं, वहीं महिलाएं महंगाई के कारण घर का बजट संभालने में असमर्थ हो रही हैं। गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में केवल प्रचार किया, लेकिन जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह दी, जबकि देश पिछले कई वर्षों से खाद संकट से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज किसानों को पर्याप्त खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। छत्तीसगढ़ में लगभग 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन अब तक केवल करीब 51 हजार मीट्रिक टन उर्वरक ही सोसायटियों तक पहुंच पाया है। ऐसे में किसान महंगा खाद खरीदने और उत्पादन घटने की दोहरी मार झेल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का “वर्क फ्रॉम होम” का सुझाव भी वास्तविकता से दूर है। देश में करोड़ों लोग ऐसे हैं जो फील्ड में काम करते हैं, फेरी लगाकर सामान बेचते हैं, दिहाड़ी मजदूरी करते हैं या रोज कमाकर परिवार चलाते हैं। ऐसे लोगों के लिए घर बैठना संभव नहीं है।
महिलाओं को तेल और गैस का कम उपयोग करने की सलाह पर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण घरों का किचन बजट पहले ही बिगड़ चुका है। खाद्य तेल, दाल, सब्जी और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से गृहणियां पहले से ही खर्च में कटौती कर रही हैं। ऐसे में सरकार राहत देने के बजाय कम उपयोग करने की सलाह दे रही है। पत्रकारवार्ता में केंद्र सरकार पर ऊर्जा भंडारण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने क्रूड ऑयल भंडारण का एक भी नया केंद्र नहीं बनाया। देश में मौजूद विशाखापट्टनम, मंगलुरु और पाडुर जैसे भंडारण केंद्रों का निर्माण पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय हुआ था।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं और मंत्रियों को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री सच में ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं तो सबसे पहले भाजपा नेताओं, मंत्रियों और बड़े काफिलों को सीमित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले अपनी सरकार और पार्टी के लोगों को साइकिल से चलने की सलाह दें, उसके बाद जनता से अपेक्षा करें। पत्रकारवार्ता में यह भी कहा गया कि सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की कमी से लोग परेशान हैं। वहीं कमर्शियल गैस की अनुपलब्धता के कारण कई उद्योग प्रभावित हो रहे हैं।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की जनता राहत चाहती है, लेकिन केंद्र सरकार समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय लोगों से कम उपयोग करने की अपील कर अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







