दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी/मनेंद्रगढ़
आज कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने नगर क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं एवं जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पेयजल व्यवस्था, यातायात सुधार, शहरी अधोसंरचना एवं भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत शहर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से हुई, जहां कलेक्टर महोदया ने पेयजल शोधन प्रक्रिया, वितरण व्यवस्था एवं गुणवत्ता नियंत्रण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके पश्चात कलेक्टर महोदया ने नगर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भूपेंद्र क्लब एवं एसडब्ल्यूसी गोदाम की भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर में यातायात दबाव को कम करने, पार्किंग, सड़क विस्तार एवं सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध भूमि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए नागरिक सुविधा केंद्रित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र हसिया नदी फ्रंट क्षेत्र भी रहा, जहां कलेक्टर महोदया ने शहरवासियों के लिए इसे आकर्षक एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने हसिया नदी फ्रंट पर वॉकिंग ट्रैक/सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण तथा हसिया एवं हसदेव नदी के संगम क्षेत्र को पर्यटन एवं जनउपयोगी दृष्टि से विकसित करने हेतु विस्तृत सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यह पहल भविष्य में नगर को एक नई पहचान देने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनेंद्रगढ़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनेंद्रगढ़ सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जनहित सर्वाेपरि होना चाहिए, ताकि नगर विकास की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







