भूपेंद्र सिंह दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
सफेदपोश मनमानी’ से गरीब मरीज बेहाल, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से ‘इलैयाराजा टी जैसे एक्शन’ की आस
रीवा।विंध्य के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की साख पर निजी क्लीनिकों का ग्रहण लग गया है। अस्पताल से सटी डॉक्टर कॉलोनी सरकारी डॉक्टरों की बेखौफ प्राइवेट प्रैक्टिस का गढ़ बन चुकी है। आरोप है कि ड्यूटी के घंटों में भी डॉक्टर सरकारी ओपीडी छोड़कर अपने निजी क्लीनिकों में मरीज देख रहे हैं। दूर-दराज से आए गरीब मरीज वार्डों में डॉक्टरों को ढूंढते रह जाते हैं, जबकि डॉक्टर कॉलोनी के क्लीनिकों के बाहर लंबी कतारें लगी रहती हैं।
सरकारी आवास बना कमाई का अड्डा
नियमों को ताक पर रखकर डॉक्टर कॉलोनी के अधिकांश सरकारी आवास क्लीनिकों में तब्दील हो चुके हैं। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल के भीतर से ही उन्हें “बेहतर इलाज” के नाम पर डॉक्टरों के निजी क्लीनिकों में बुला लिया जाता है। सरकारी वेतन लेने वाले डॉक्टरों का पूरा ध्यान निजी फीस पर है। न नि:शुल्क दवा, न सरकारी योजना का लाभ – मरीजों को दोनों तरफ से लूटा जा रहा है।
याद आ रहे ‘इलैयाराजा टी’
रीवा के लोग आज भी पूर्व कलेक्टर इलैयाराजा टी के उस खौफनाक औचक निरीक्षण को याद करते हैं, जब उन्होंने डॉक्टर कॉलोनी में छापा मारकर कई डॉक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा था। नोटिस और सख्ती के बाद महीनों तक डॉक्टर समय पर अस्पताल पहुंचे थे। जनता का कहना है कि तब डॉक्टरों में प्रशासन का डर था, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुका है।
नवागत कलेक्टर से बड़ी उम्मीद
वर्तमान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। बिरसिंहपुर में जनगणना और सतना में पंचायत कर्मियों की हड़ताल तुड़वाने के बाद अब रीवा की जनता की नजर उन पर है। लोगों का कहना है कि जब तक ‘इलैयाराजा स्टाइल’ में डॉक्टर कॉलोनी पर डंडा नहीं चलेगा, तब तक SGMH की व्यवस्था सुधरना नामुमकिन है।
3 बड़े सवाल जो उठ रहे हैं:
1. क्या ड्यूटी टाइम में प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी?
2. सरकारी आवासों का व्यावसायिक उपयोग कब रुकेगा?
3. गरीब मरीजों को नि:शुल्क इलाज का अधिकार कब मिलेगा?
अब देखना यह है कि कलेक्टर सूर्यवंशी स्वास्थ्य विभाग की इस ‘सफेदपोश मनमानी’ पर लगाम कसते हैं या मरीज यूं ही निजी क्लीनिकों के चक्कर काटते रहेंगे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







