स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा प्रहार सिंगरौली में बिना परमिट स्कूल वाहनों पर कार्रवाई, 8 वाहनों को नोटिस जारी

SHARE:

प्रदीप तिवारी संभागीय ब्यूरो दैनिक केसरिया हिंदुस्तान

ओवरलोडिंग, फिटनेस और टैक्स नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान
सिंगरौली। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने बिना वैध परमिट एवं नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। जांच के दौरान कई स्कूल बसों और वाहनों को बिना परमिट, टैक्स बकाया, फिटनेस नियमों के उल्लंघन तथा क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित करते हुए पकड़ा गया।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ स्कूल वाहनों का उपयोग मैरिज पार्टी एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था, जो परिवहन नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। प्रशासन ने इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ बताते हुए कठोर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह अभियान कलेक्टर के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं चेकपोस्ट प्रभारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ ऑनलाइन चालानी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए गए तथा बकाया कर एवं शास्ति राशि तत्काल जमा करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग के अनुसार नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग तथा शासकीय राजस्व चोरी करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान जिन 8 स्कूल वाहनों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, उनमें MP66ZG 7578, MP66P 0568, MP66ZB 2598, MP66ZB 2647, MP66ZC 1484, MP66ZF 2899, MP66P 0579 एवं MP66ZF 5382 शामिल हैं।
परिवहन विभाग द्वारा जिले में “आदर्श परिवहन मॉडल” लागू करने की दिशा में भी विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशानुसार फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, वैध लाइसेंस, स्पीड कंट्रोल, नशा मुक्त ड्राइविंग एवं स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच की जा रही है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment