प्रदीप तिवारी संभागीय ब्यूरो दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सरपंच बोले“6 लाख खर्च के बाद भी बिजली की गारंटी नहीं, सौर ऊर्जा बेहतर विकल्प
सिंगरौली। जिले के चितरंगी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार में नवनिर्मित पंचायत भवन के विद्युतीकरण को लेकर नया विवाद सामने आया है। पंचायत भवन में बिजली कनेक्शन एवं विद्युतीकरण कराने की प्रक्रिया के दौरान सामने आई लागत को लेकर सरपंच ने सवाल खड़े किए हैं और सौर ऊर्जा को अधिक उपयोगी एवं किफायती विकल्प बताया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत के सरपंच विद्यासागर तिवारी द्वारा मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को पंचायत भवन में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु आवेदन भेजा गया था। इस संबंध में 7 मई 2026 को चितरंगी विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता द्वारा सरपंच के नाम पत्र जारी किया गया।
पत्र में बताया गया कि पंचायत द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार पंचायत भवन के विद्युतीकरण पर ₹6,10,501 की लागत आएगी, जबकि ₹30,752 सुपरविजन शुल्क के रूप में जमा कराना अनिवार्य होगा। साथ ही यह कार्य ए-क्लास ठेकेदार के माध्यम से कराए जाने की बात भी कही गई है।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सरपंच विद्यासागर तिवारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बावजूद पंचायत भवन को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलने की कोई सुनिश्चित व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि यदि इसी राशि का उपयोग पंचायत भवन में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने में किया जाए तो कम खर्च में अधिक बेहतर और स्थायी व्यवस्था संभव हो सकती है।
सरपंच ने कहा कि सौर ऊर्जा प्रणाली से पंचायत भवन को चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे भविष्य में बिजली कटौती और अतिरिक्त खर्च की समस्या भी कम होगी। उन्होंने ग्रामीण हित को ध्यान में रखते हुए पंचायत भवन में सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण भी अब पारंपरिक बिजली व्यवस्था की बजाय वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर विचार करने की बात कह रहे हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







