लटेरी के देहरीपामा में वनभूमि पर बड़ी कार्रवाई… लेकिन अब वायरल ऑडियो से उठे कई सवाल

SHARE:

लटेरी विदिशा वनमंडलाधिकारी हेमन्त यादव के निर्देशन एवं एसडीओ प्रशांत साकरे के नेतृत्व में वन विभाग द्वारा लगातार दूसरे दिन भी देहरीपामा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अब तक 6 हेक्टेयर वनभूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है, जबकि शेष भूमि पर कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीट देहरीपामा के कक्ष क्रमांक P410 में 12 हेक्टेयर वनभूमि पर निलंबित पंचायत सचिव किसन सिंह गुर्जर द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 261/27 पहले से दर्ज है। वन विभाग द्वारा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 ‘अ’ के तहत दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, लेकिन संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया गया।
इसी आदेश के पालन में वन विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 12 हेक्टेयर में से 6 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त करा लिया।
इधर कार्रवाई के बीच सोशल मीडिया पर तीन कथित ऑडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें मुरवास क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर वनभूमि पर कब्जा कराने के बदले पैसों के लेन-देन की बातें सुनाई दे रही हैं। हालांकि इन वायरल ऑडियो की हम पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन इनके सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े होने लगे हैं।
लोगों के बीच चर्चा है कि अगर ऑडियो सही हैं, तो क्या वन विभाग के ही कुछ कर्मचारी जंगल की जमीन पर कब्जा कराने में भूमिका निभा रहे थे? क्या वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच होगी? और क्या संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी?
फिलहाल देहरीपामा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है, वहीं वायरल ऑडियो को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment