दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो लोकेंद्र सोलंकी भितरवार
समृद्ध किसान” के नारे के बीच खाद में कटौती से भड़के अन्नदाता
भितरवार विधानसभा क्षेत्र के किसानों को खाद की उपलब्धता में की गई भारी कटौती अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। किसानों की परेशानियों और बढ़ते असंतोष को देखते हुए भाजपा विधायक एवं जनसेवक श्री मोहन उल्फत सिंह राठौर ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और पत्र सौंपकर किसानों की मांगों को मजबूती से उठाया।
विधायक राठौर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्ष 2025-26 में किसानों को प्रति बीघा 25 किलो डीएपी, 45 किलो यूरिया और 70 किलो सुपर फॉस्फेट उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन वर्ष 2026-27 में यह मात्रा घटाकर महज 10 किलो डीएपी, 20 किलो यूरिया और 35 किलो सुपर फॉस्फेट कर दी गई है। इस कटौती से किसानों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है।
एक तरफ मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को “कृषि-वर्ष” के रूप में मना रही है और “समृद्ध किसान – समृद्ध राज्य” का नारा दे रही है, वहीं दूसरी ओर खाद की मात्रा में कमी ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। विधायक मोहन राठौर ने मुख्यमंत्री से मांग की कि किसानों को पूर्व वर्ष की तरह पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए ताकि फसल उत्पादन प्रभावित न हो और किसानों को संकट का सामना न करना पड़े।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ग्वालियर ने ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की जानकारी जारी की। विभाग के अनुसार किसानों को ई-टोकन प्रणाली से खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में धान फसल के लिए प्रति हेक्टेयर 5 बैग यूरिया, 3 बैग डीएपी और 5 बैग एसएसपी ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त उर्वरक देने का प्रावधान भी रखा गया है।
किसानों के हित में आवाज बुलंद होने के बाद क्षेत्र के किसानों ने विधायक मोहन उल्फत सिंह राठौर की पहल को सराहा है। विधायक ने सकारात्मक निर्णय और किसानों के हित में संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
“किसान हित सर्वोपरि — किसान समृद्ध तो प्रदेश समृद्ध”
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







