संवादाता दिलीप बिरला
सनावद। विपुल प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर बड़वाह विधानसभा क्षेत्र को एग्रीकल्चर हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा।
यह जानकारी देते हुए विधायक सचिन बिरला ने बताया कि बड़वाह विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख बैड़िया,बड़वाह एवं सनावद की कृषि उपज मंडियों को सर्वसुविधासंपन्न बनाने के लिए प्रदेश के कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम से भोपाल में विस्तृत चर्चा की और तीनों मंडियों की आवश्यकताओं से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा तीनों मंडियों के विकास और विस्तार को लेकर की गई समस्त घोषणाओं को जल्दी ही अमलीजामा पहनाया जाएगा और लगभग 50 करोड़ रु की लागत से तीनों मंडियों में आवश्यक सुविधाएं जुटाई जाएंगी।
बैड़िया की नवीन मिर्ची मंडी का विस्तार
विधायक ने बताया कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रदेश सरकार ने बैड़िया मिर्ची मंडी के विस्तार हेतु अतिरिक्त 9 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की है। इस प्रकार नवीन मिर्ची मंडी का दायरा लगभग 43 एकड़ हो जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मंडी बोर्ड के संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने बैड़िया मिर्ची मंडी में एक विशाल कोल्ड स्टोरेज के निर्माण के लिए आश्वस्त किया है। कोल्ड स्टोरेज में किसान अपनी मिर्ची की उपज और व्यापारी खरीदी हुई मिर्ची को लंबे समय तक स्टॉक कर सकेंगे। इससे किसानों और व्यापारियों के आर्थिक लाभ में वृद्धि होगी।
विधायक ने कहा कि एशिया महाद्वीप की दूसरी सबसे बड़ी बैड़िया मिर्ची मंडी के क्षेत्र विस्तार और कोल्ड स्टोरेज के निर्माण से बैड़िया कस्बा निश्चय ही निमाड़ क्षेत्र का औद्योगिक हब के रूप में पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने गत वर्ष जून माह में बैड़िया आगमन पर मिर्ची मंडी में वाहनों के सुगम आवागमन हेतु नवीन कृषि उपज मंडी एवं पुरानी मिर्ची मंडी में सड़क निर्माण को मंजूरी प्रदान की थी। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप नवीन मिर्ची मंडी का भूमि समतलीकरण कार्य,तीन हाईराईज शेड निर्माण,मंडी में अतिरिक्त सीसी रोड निर्माण,
रिटेनिंग वाल एवं बाउंड्रीवॉल का निर्माण,तीन ट्रॉली शेड का निर्माण, नवीन भूमि पर विद्युतीकरण कार्य,मंडी प्रांगण में पर्याप्त
जल आपूर्ति हेतु पाईप लाईन की स्थापना,मंडी प्रांगण में प्याऊ का निर्माण, मवेशियों के पेयजल हेतु टंकियों का निर्माण,स्टोन पिचिंग,शौचालय निर्माण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा।
विधायक ने बताया कि राज्य शासन द्वारा एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत खरगोन जिले में मिर्ची की फसल को एक जिला एक उत्पाद घोषित किया गया है। बैड़िया मिर्ची मंडी में मिर्ची व अन्य फसलों के विक्रय हेतु बड़ी संख्या में छोटे बड़े वाहनों का आवागमन होता है।विधायक ने बताया कि बैड़िया मंडियों तक किसानों की उपज के सुचारु परिवहन हेतु तीन सड़कों
बेड़िया मंडी से नहर होते हुए ग्राम डाल्याखेड़ी तक 3.50 किमी लंबी सड़क,बेड़िया मंडी के समीपस्थ ग्राम डुडगांव में मयाचंद के खेत से गुलाबचंद दोगायां के खेत तक लगभग 2 किमी लंबी खेत सड़क निर्माण एवं ग्राम डुडगांव के हुकुम मंडलोई के खेत से पूजन लाल्या के खेत तक 2.50 किमी लंबी खेत सड़क का निर्माण
किया जाएगा।इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के किसानों के वाहनों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
बड़वाह एवं सनावद कृषि उपज मंडियां
विधायक ने बताया कि बड़वाह विधानसभा क्षेत्र की दो अत्यंत महत्वपूर्ण कृषि उपज मंडियां बड़वाह एवं सनावद क्षेत्र के किसानों का आर्थिक आधार हैं। वर्तमान में इन मंडियों में अति आवश्यक बुनियादी निर्माण कार्य विगत कई वर्षों से लंबित हैं।जरूरी सुविधाओं के अभाव में मंडी संचालन में प्रशासन,किसानों और व्यापारियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि कृषि उपज मंडी बड़वाह में किसानों और व्यापारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान और सुविधा के लिए 1400 एवं 336 वर्गफीट के 2 ट्रॉली शेड का निर्माण,मंडी प्रांगण में आंतरिक बीटी रिन्यूअल कार्य,
मंडी प्रांगण में शौचालय एवं नाली निर्माण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि सनावद कृषि उपज मंडी में मुख्य गोदामों,शेडों, कार्यालय भवन, किसान भवन,कैंटीन और चेकपोस्ट की मरम्मत और रंगाई-पुताई कार्य, विद्युत व्यवस्था सुधार एवं नवीनीकरण,बीटी रोड का रिन्यूअल,
सुरक्षा की दृष्टि से मंडी की बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। सब्जी मंडी के सभी भवनों की मरम्मत और रंगरोगन का कार्य तथा
पुरानी मिर्च मंडी प्रांगण में स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने सीमेंट- कॉंक्रीट कार्य एवं विद्युतीकरण कार्य करवाए जाएंगे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







