दिनेश शुक्ला
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
137 ट्रॉलियां खडी मिलने पर अफसर नाराज, इंतजार खत्म करने के निर्देश, तौल कांटे 12 तक बढ़ेंगे, 50 हम्माल तैनात होंगे
आलोट
गेहूं खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्थाओं और किसानों के बढ़ते इंतजार को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को एसडीएम आलोट श्रीमती रचना शर्मा ने रिंगनोद स्थित अर्चना डूंगरवाल वेयरहाउस में संचालित उपार्जन केंद्र बर्डियागोयल क्रमांक 1 एवं 2 का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई अहम निर्देश मौके पर ही जारी किए गए।
निरीक्षण में गेहूं की गुणवत्ता एफएक्यू मानकों के अनुरूप पाई गई। अब तक 400 किसानों को 3 करोड़ 12 लाख 34 हजार 875 का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 56 किसानों का भुगतान अभी लंबित है। तुलाई में तेजी के लिए बडा फैसला केंद्र पर केवल 5 तौल कांटे संचालित पाए गए, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल इन्हें बढाकर 12 करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पडे।
वर्तमान में 18 हम्माल कार्यरत पाए गए। खरीदी कार्य की गति बढाने के लिए संख्या बढाकर 50 करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान केंद्र के बाहर 137 ट्रॉलियां खडी मिलीं। जांच में सामने आया कि वेयरहाउस का आधा हिस्सा पुराने स्टॉक से भरा होने के कारण नई आवक की तुलाई प्रभावित हो रही है। स्थिति को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने निर्देश दिए कि एक ही वेयरहाउस में संचालित दो केंद्रों में से एक केंद्र को अन्य वेयरहाउस से मैप करने के लिए तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि खरीदी व्यवस्था सुचारू हो और किसानों को राहत मिल सके।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







