दैनिक केसरिया हिंदुस्तान से मुकेश चौधरी
एबीवीपी ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
शिवपुरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई खनियाधाना ने क्षेत्र के विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट कार्य, प्रैक्टिकल परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर माननीय सांसद को ज्ञापन सौंपा है। परिषद ने संदीपनी विद्यालय खनियाधाना सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों में गंभीर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में अनेक विद्यार्थियों को अपेक्षा से बेहद कम अंक दिए गए हैं, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने प्रोजेक्ट कार्य समय पर और निर्धारित मानकों के अनुसार जमा किया, इसके बावजूद कम अंक प्रदान किए गए। वहीं कुछ छात्रों को अनुचित रूप से अधिक अंक दिए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
एबीवीपी ने विशेष रूप से संदीपनी विद्यालय खनियाधाना के प्राचार्य टेक चंद्र जैन और शिक्षक मोहन सोनी पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन के अनुसार, लगभग 15 विद्यार्थियों को जानबूझकर प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक दिलवाए गए, जिससे छात्रों में भय और मानसिक दबाव का माहौल बना हुआ है।
परिषद ने सांसद से मांग की है कि सभी विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट कार्य एवं प्रैक्टिकल अंकों की निष्पक्ष पुनः जांच करवाई जाए, मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए तथा जिन विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है उन्हें उचित अंक दिए जाएं। साथ ही संबंधित प्राचार्य और शिक्षक के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच कर दोष सिद्ध होने पर निलंबन या सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई की जाए।
एबीवीपी ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य राष्ट्र का भविष्य है, इसलिए इस गंभीर विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर छात्र हित में न्याय सुनिश्चित किया जाए।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







