उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने कृषि विभाग की कार्रवाई, 12.645 टन खाद की बिक्री पर लगाई रोक

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान से चंद्रशेखर बरेठ

बिलासपुर, जिले में रासायनिक उर्वरकों की कालाबाजारी, अनियमित बिक्री एवं किसानों के बीच कृत्रिम अभाव की स्थिति को रोकने के लिए कृषि विभाग द्वारा कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर लगातार निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उर्वरक निरीक्षक बिल्हा श्री आर.एस. गौतम द्वारा विकासखंड बिल्हा के ग्राम पोड़ी सरवानी स्थित प्रजापति ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान द्वारा यूरिया एवं सिंगल सुपर फॉस्फेट उर्वरक का विक्रय आवश्यक प्राधिकार पत्र के बिना किया जा रहा था, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन है।अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक निरीक्षक श्री गौतम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9.495 टन यूरिया एवं 3.15 टन सुपर फॉस्फेट, कुल 12.645 टन उर्वरक की बिक्री पर रोक लगा दी।साथ ही संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने तथा निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप संचालक कृषि श्री पीडी हाथेश्वर ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में उर्वरक विक्रय लाइसेंस के निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उर्वरक निरीक्षक श्री आर.एस. गौतम ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा एवं उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड बिल्हा में इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं से उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का पूर्णतः पालन करते हुए ही खाद का भंडारण एवं विक्रय करने की अपील की है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment