दैनिक केसरिया हिंदुस्तान अमित जोशी निवाड़ीनिवाड़ी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कुलुआ स्थित चंदेली तालाब परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, जिला पंचायत सीईओ (अपर कलेक्टर) रोहन सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जल सहेलियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत जल सहेलियों द्वारा तालाब परिसर की साफ-सफाई एवं श्रमदान से हुई। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश देने के लिए मानव श्रृंखला भी बनाई गई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर 125 पौधों का रोपण किया तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले की पहली ‘ऑक्सीजन वाटिका’ की स्थापना की गई।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने तथा पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और तालाब, कुएं तथा अन्य जल स्रोतों के संरक्षण पर भी बल दिया।
जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना ने कहा कि पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण से भूजल स्तर में सुधार होगा। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखरेख करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी मनोज कुमार सिंह, जनपद पंचायत निवाड़ी की सीईओ श्रीमती वंदना कैथल, परमार्थ समाज सेवी संस्थान के प्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित निवाड़ी के निर्माण का संकल्प लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







