सुशासन तिहार अंतर्गत मुख्यमंत्री ने एमसीबी एवं कोरिया-सूरजपुर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की खाद वितरण में लापरवाही होने पर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सहायक पंजीयक सहकारिता को सस्पेंड किया

SHARE:

अधिकारी जनता के सेवक हैं, आमजन को बेहतर सुविधा देना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी/चिरमिरी

भीषण गर्मी होने के बावजूद सुशासन तिहार के तहत सूरजपुर और कोरिया जिले में औचक दौरे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में कोरिया, सूरजपुर और एमसीबी जिले के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों, राजस्व प्रकरणों, अधोसंरचना, पेयजल, स्वास्थ्य और कृषि तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री साय ने किसानों को समय पर खाद-बीज वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोरिया जिले के सहकारी समिति जिल्दा में खाद वितरण में लापरवाही की शिकायत सामने आने पर उन्होंने जिला सहकारी समिति के सहायक पंजीयक आयुष प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया और कलेक्टर कोरिया को निर्देशित किया कि इस प्रकरण में जो भी अन्य जिम्मेदार अधिकारी है उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने किसानों से संबंधित मामलों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समीक्षा बैठक में ग्रीष्म ऋतु में होने वाली पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों को प्राथमिकता के साथ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता होने पर टैंकर क्रय करने और जरूरत पड़ने पर सीमावर्ती जिलों से भी पानी की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार में शिविर के माध्यम से राजस्व प्रकरण सहित शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए तीनों जिलों के कलेक्टरों की सराहना की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बैठक में तीनों जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया कि सड़क, भवन सहित अन्य जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनकी गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने सख्ती से कहा कि किसी भी दबाव में आकर काम करने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गर्मी का मौसम समाप्त होने के बाद बरसात के समय होने वाली मौसमी बीमारियों से रोकथाम के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को कार्ययोजना बनाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों का पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बरसात के पूर्व पेयजल स्रोतों में क्लोरीन डालने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने पीएम आवास निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरे कार्यों को समय पर पूर्ण करने और नॉमिनी नहीं होने की वजह से आ रही समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हम सभी जनता के सेवक हैं और उनकी समस्याओं का निराकरण करना हमारी प्राथमिकता है।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भईया लाल रजवाड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, महापौर रामनरेश राय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी पंकज झा सहित तीनों जिलों के कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, रोक्तिमा यादव, रेना जमील सहित एसपी, डीएफओ, सीईओ उपस्थित थे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment