योगी सरकार में भी न्याय के लिए भटक रही महिला? पैतृक भूमि कब्जे मामले ने उठाए बड़े सवाल

SHARE:

महिला बोली- अफसर कह रहे खुद हटवा लो कब्जा
दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान रविन्द्र वर्मा
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में एक महिला अपनी पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे को हटवाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। प्रदेश में भूमाफियाओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बीकापुर तहसील का यह मामला प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
तहसील क्षेत्र की निवासी नीरजा पाण्डेय ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार गाटा संख्या 145 व 148 उनकी पैतृक भूमि है, जिस पर तीसरे पक्ष द्वारा टीनशेड डालकर फास्टफूड की दुकान संचालित की जा रही है। महिला का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद कब्जा हटाने के लिए दिए गए आदेशों का पालन नहीं कराया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 में तत्कालीन उपजिलाधिकारी द्वारा राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश कर अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया गया था, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने वर्तमान उपजिलाधिकारी, नायब तहसीलदार, लेखपाल और एसएचओ पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई तथा फर्जी आख्या लगाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद प्रशासन मामले को टालता रहा। इतना ही नहीं, महिला का कहना है कि अधिकारियों द्वारा यह तक कहा गया कि “यदि कब्जा हटवाना है तो खुद हटवा लीजिए, कोई विवाद होगा तो प्रशासन जवाब-सवाल करेगा और उल्टा जुर्माना भी लगा देगा।”
महिला ने इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए कहा कि जब सरकारी आदेशों के बाद भी कब्जा नहीं हट पा रहा, तो आम महिलाओं को न्याय कैसे मिलेगा। मामला अब इस सवाल को जन्म दे रहा है कि क्या प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और योगी सरकार में भी महिलाओं को न्याय के लिए दफ्तर-दफ्तर ठोकरें खानी पड़ रही हैं?
महिला ने एसएचओ व पुलिस कर्मियों पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनके भाई को कागजात दिखाने के बहाने थाने बुलाकर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया गया, जबकि परिवार का कोई सदस्य विवादित भूमि पर गया ही नहीं था।
फिलहाल जिलाधिकारी ने शिकायत को उपजिलाधिकारी बीकापुर एवं एसएचओ हैदरगंज को भेजकर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई