कस्तूरबा विद्यालय में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत छात्राओं से सीधे संवाद कर शिक्षा स्तर जांचा, रसोई और छात्रावास व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

SHARE:

हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो

पीलीभीत। जनपद में शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने विकासखंड ललौरीखेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सीधे कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से संवाद कर शिक्षा की वास्तविक स्थिति को परखा। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति, विषयों की समझ और दैनिक दिनचर्या से जुड़े सवाल पूछे। इसके बाद शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि पठन-पाठन समय सारिणी के अनुसार नियमित रूप से संचालित किया जाए तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में ग्रामीण एवं कमजोर वर्ग की छात्राएं अध्ययन करती हैं, इसलिए उनकी शिक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर मानी जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की बात कही। इसके बाद डीएम और एसपी ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार होने की स्थिति की जांच की। जिलाधिकारी ने वार्डन को निर्देश दिए कि छात्राओं को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और भोजन में हरी सब्जियों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने छात्रावास का भी निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, स्नान व्यवस्था, बिस्तरों की साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान छात्राओं से यह भी पूछा गया कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने छात्राओं से सुरक्षा और आत्मविश्वास को लेकर बातचीत करते हुए कहा कि छात्राओं को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, विद्यालय की प्रधानाचार्य, अध्यापिकाएं, वार्डन तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से पूरे दिन विद्यालय परिसर में हलचल बनी रही।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई