नितिन जौहरी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित मां गायत्री हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। बग्गी खाना निवासी मनीष राठौर की पत्नी मयूरी राठौर की प्रसव के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉ. सुजाता परमार पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
परिजनों के अनुसार मयूरी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। पति मनीष राठौर ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे तक मयूरी पूरी तरह ठीक थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। परिवार का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मयूरी की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि मौत के बाद करीब एक घंटे तक परिजनों को शव से मिलने नहीं दिया गया।
वहीं डॉ. सुजाता परमार ने इसे दुखद हादसा बताया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन सफल रहा था और मरीज की हालत सामान्य थी। प्रारंभिक आशंका है कि सुबह चाय या पानी पीते समय वह सांस की नली में चला गया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। डॉक्टर ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।
सीएमएचओ का कहना
सीएमएचओ सुधीर डेहरिया का कहना है की हमारी टीम द्वारा जांच की जाएगी और जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी ।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







