असम, बंगाल चुनाव में भाजपा ने की लोकतंत्र की हत्याः प्रमोद तिवारी देश का संविधान केवल कांग्रेस के हाथों में सुरक्षितः प्रमोद तिवारी

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी

मथुरा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी रविवार को तीर्थनगरी वृंदावन पहुंचे। यहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक प्रदीप माथुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दर्शन के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रमोद तिवारी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में देश के संविधान को खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि मैंने बांके बिहारी महाराज के चरणों में प्रार्थना की है कि वे इस देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करें। तिवारी ने जोर देकर कहा कि भाजपा के इन मंसूबों का मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है और देश का भविष्य कांग्रेस के हाथों में ही सुरक्षित है। सांसद ने क्षेत्रीय दलों को आगाह करते हुए कहा कि आज जिस तरह की राजनीति भाजपा कर रही है, उसमें क्षेत्रीय दलों का अस्तित्व खतरे में है। वे केवल कांग्रेस के साथ मिलकर ही खुद को बचा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल और असम जैसे राज्यों में भाजपा ने केवल लोकतंत्र की हत्या करके ही चुनावी सफलता हासिल की है। प्रमोद तिवारी ने भाजपा में शामिल हुए विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों का रिश्वत लेते हुए वीडियो दिखाकर मोदी जी मजाक उड़ाते थे, आज उन्हीं के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं। यह भाजपा के दोहरे चरित्र को उजागर करता है। भविष्य की राजनीति पर चर्चा करते हुए तिवारी ने दावा किया कि भाजपा और संघ के बीच भारी अंतर्कलह चल रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह पुराने निष्ठावान भाजपा नेताओं और संघ को दरकिनार कर बाहर से आए लोगों को मुख्यमंत्री बना रहे हैं। इसका परिणाम यह होगा कि 2029 से पहले ही संघ और भाजपा की फूट सड़क पर आ जाएगी और मोदी जी को प्रधानमंत्री पद से हाथ धोना पड़ेगा। इससे पहले राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, विधायक अनुराधा मिश्रा ने मंदिर सेवायत आचार्य शैलेंद्र गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर बांकेबिहारीजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम, दीपक पाराशर, सोहन सिंह सिसौदिया, चंद्रमोहन जायसवाल समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई

पिपरिया भाजपा कार्यालय में गूंजा संगठन मंत्र, जिला महामंत्री मुकेश चन्द्र मैना ने कसी कार्यकर्ताओं की लगाम पूर्व जिलाध्यक्ष माधव दास अग्रवाल और मंडल अध्यक्ष बलराम ठाकुर ने किया प्रभारी का भव्य स्वागत