दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम
गजरौला क्षेत्र में दहशत का माहौल, वन विभाग और पुलिस टीम के सामने भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के जंगल से सटे दियोरा गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक एक तेंदुए ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते खेत रणभूमि में तब्दील हो गया। तेंदुए के हमले में चार ग्रामीण घायल हो गए, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को चारों ओर से घेरकर दौड़ा लिया और डंडों से पीट-पीटकर बेसुध कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह गांव दियोरा के पास खेतों में ग्रामीण रोजमर्रा की तरह कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गन्ने और झाड़ियों के बीच छिपा तेंदुआ बाहर निकल आया और खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुए के अचानक हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। ग्रामीण जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, लेकिन तेंदुए ने अंकित वर्मा, धर्मपाल वर्मा, सोनू वर्मा और तोताराम पासवान को अपने पंजों से घायल कर दिया। हमले में घायल ग्रामीणों के शरीर पर पंजों और खरोंचों के गंभीर निशान बताए जा रहे हैं।
घटना की खबर गांव में फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। गुस्साए लोगों ने लाठी-डंडों के साथ तेंदुए को खेत में घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ काफी देर तक इधर-उधर भागता रहा, लेकिन भीड़ लगातार उसका पीछा करती रही। इसी बीच सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि वन विभाग के पहुंचने से पहले ही लोगों ने तेंदुए पर डंडों की बरसात कर दी। लगातार पिटाई से तेंदुआ खेत में ही बेसुध होकर बैठ गया।
करीब एक घंटे बाद डिप्टी रेंजर शेर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम रेस्क्यू वाहन लेकर गांव पहुंची। आरोप है कि मौके पर पहुंचे वन विभाग कर्मियों का ग्रामीणों ने विरोध भी किया और नाराजगी जताई कि जंगल से निकल रहे खूंखार वन्यजीवों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस और वन विभाग की टीम ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया और भीड़ को पीछे हटाया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने घायल और बेसुध पड़े तेंदुए को बड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू वाहन में सुरक्षित रखा और उसे माला रेंज कार्यालय ले जाया गया। वहां तेंदुए की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, तेंदुए के हमले से घायल ग्रामीणों को उपचार के लिए भेजा गया है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगातार वन्यजीव आबादी की ओर आ रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







