धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत बेतवा नदी के घाट पर साप्ताहिक श्रमदान का शुभारंभ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम अंतर्गत आज सेक्टर अम्बानगर स्थित जीवनदायिनी बेतवा नदी के घाट पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और आमजन को प्रकृति से जोड़ने की एक सुंदर पहल है, जिसमें सेवा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ देखने को मिला।अभियान के प्रथम दिवस पर नवांकुर संस्था रुद्राक्ष ह्यूमन वेलफेयर सोसायटी, आवरण सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं शीतला ह्यूमन सोसायटी के सदस्यों ने घाट पर उतरकर श्रमदान किया। सभी ने मिलकर नदी किनारे फैली जलकुंभी, सिंगल यूज प्लास्टिक, काँच, ब्लेड, पूजन सामग्री एवं अन्य प्रकार के कचरे को हटाया। श्रमदान के दौरान युवाओं में सेवा का उत्साह और नदी के प्रति अपनापन साफ दिखाई दिया।अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम अब प्रत्येक सप्ताह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के हर वर्ग के लोग जुड़कर कुछ समय प्रकृति और समाज के नाम देंगे। उद्देश्य केवल घाट की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर यह भावना जगाना है कि “नदी केवल जल नहीं, हमारी संस्कृति और जीवन की धारा है।”कार्यक्रम में अमित शर्मा, देवेंद्र साहू, हजारीलाल पाटसकर, चंचल तामेश्वरी एवं बीएसडब्ल्यू छात्र अभिषेक राजोरीया सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित युवाओं ने लोगों से अपील की कि वे भी इस साप्ताहिक श्रमदान अभियान से जुड़ें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







