दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
मथुरा। कोसीकलां थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से कुंडल छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में थाना कोसीकलां और सर्विलांस टीम ने हरियाणा के दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी 21 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था।
यह घटना 29 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई थी। कोसी शहर निवासी 65 वर्षीय सीमा अग्रवाल बाजार से सामान लेकर अपने आर्य नगर स्थित घर लौट रही थीं। तभी पीछे से आए बदमाश ने उनके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए। छीना-झपटी के दौरान सीमा अग्रवाल गिर गईं, जिससे उनके कान और सिर में चोटें आईं। यह वारदात हाईवे से लगभग 50 मीटर दूर हुई थी और पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता, जो शहर के प्रमुख चिकित्सक डॉ. प्रकाश आर्य की मां हैं, के साथ हुई इस वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। बुधवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश क्षेत्र में मौजूद हैं। इस पर पुलिस ने न्यू कोसी-कामर रोड तिराहे के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को घायल कर पकड़ लिया। मुठभेड़ में दुष्यंत के दाहिने पैर और सौरभ उर्फ सुरेंद्र के बाएं पैर में गोली लगी। इस दौरान एक सिपाही राकेश के हाथ में भी चोट आई। दोनों आरोपी हरियाणा के पलवल जिले के होडल क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में कोसी थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, उ0नि0 विकाश शर्मा प्रभारी सर्विलांस टीम, उ0नि0 दुष्यन्त कुमार कौशिक चौकी प्रभारी, उ0नि0 उत्तम चौहान चौकी प्रभारी जिन्दल, उ0नि0 संदीप सिंह थाना कोसीकलां, उ0नि0 गौरव चाहल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







