दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
मथुरा।शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था, बंदरों का आतंक, यमुना प्रदूषण, गंदगी और स्मार्ट मीटर जैसी जनसमस्याओं के खिलाफ बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में वृंदावन स्थित गांधी पार्क के मुख्य द्वार पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए मथुरा वृंदावन के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि वृंदावन में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थानीय निवासियों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने मांग की कि शासन-प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए। माथुर ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकदम ने मौजूदा महापौर पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें अब तक का सबसे भ्रष्ट महापौर करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर भू-माफियाओं के साथ मिलकर नगर निगम की कीमती जमीनों को खुर्द-बुर्द करने में लगे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बंदरों की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, लेकिन नगर निगम हाथ पर हाथ धरे बैठा है। वहीं, यमुना में गिरते अनवरत नाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ी और साफ-सफाई के अभाव को लेकर भी सरकार को घेरा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







