सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश मंगलवार को करेंगे लोक निर्माण विभाग का घेराव

SHARE:

हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान

आलीराजपुर। जिले के ग्राम फड़तला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर आदिवासी ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। ग्राम फड़तला मिडिल स्कूल से नेवा माता वाया थोड़ सिंधी मार्ग (लगभग 1.50 किमी) के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा लोक निर्माण विभाग को आवेदन प्रस्तुत किया गया, लेकिन आरोप है कि विभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा आवेदन लेने में टालमटोल कर ग्रामीणों को भगा दिया। कार्यपालन यंत्री और एसडीओ लोक निर्माण विभाग द्वारा राजनीतिक दबाव में आवेदन तक नहीं लेने का आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से उपेक्षित है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं में गंभीर कठिनाइयाँ आ रही हैं। शासन द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्य में भी कथित रूप से अनियमितता करते हुए पूर्ण लंबाई के बजाय आंशिक निर्माण की बात सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।
*आदिवासी नेता महेश पटेल को सौंपा ज्ञापन*
इसके बाद पीड़ित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष एवं आदिवासी नेता महेश पटेल को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सैकड़ों आदिवासी ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने आजादी के बाद से अब तक मूलभूत विकास से वंचित रहने की पीड़ा व्यक्त की। ज्ञापन सौंपते समय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण नहीं होने से बच्चों की शिक्षा, मरीजों के उपचार और दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है।
*मंगलवार को करेंगे लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव*
आदिवासी नेता महेश पटेल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी तरह जायज है और इसे प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने हेतु सैकड़ों की संख्या में पीड़ित आदिवासी कलेक्टर कार्यालय में आवेदन करेंगे, तत्पश्चात लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे।
*विकास की राह देखता फड़तला क्षेत्र*
गौरतलब है कि आजादी के दशकों बाद भी क्षेत्र के कई आदिवासी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क जैसी आवश्यक सुविधा का अभाव शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment