स्कूली बच्चों ने पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर दिया संवेदना का संदेश

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो लोकेंद्र सोलंकी

भितरवार। भीषण गर्मी के मौसम में जहां इंसान के साथ-साथ पक्षी भी पानी और भोजन के लिए परेशान होते हैं, वहीं शिक्षा विभाग द्वारा एक सराहनीय नवाचार के तहत विकासखंड के शासकीय स्कूलों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की जा रही है। इस अभिनव पहल के अंतर्गत स्कूली बच्चों ने स्कूल परिसरों और आसपास सकोरे रखकर उनमें पानी भरा तथा पक्षियों के लिए दाने की व्यवस्था की।
इस अभियान में स्कूली बच्चों के साथ शिक्षक भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को पक्षियों के संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाते हुए स्वयं भी सकोरों में पानी भरने और दाना रखने में सहभागिता निभा रहे हैं। बच्चों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से यह पहल प्रेरणादायी अभियान का रूप लेती जा रही है।
बीआरसीसी नरहरि मिश्रा ने बताया कि शिक्षा विभाग के नवाचार के तहत विकासखंड के शासकीय विद्यालयों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी स्कूलों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए स्कूल परिसर और घरों के आसपास दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि बच्चों में सेवा, संवेदना और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास है। इस पहल से विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा भी मिल रही है और वे प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को समझ रहे हैं। छात्र-छात्राएं रोजाना सकोरों की देखभाल कर रहे हैं तथा पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी और दाना उपलब्ध करा रहे हैं।
शिक्षकों ने बताया कि इस नवाचार के माध्यम से बच्चों में जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना मजबूत हो रही है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।
गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए किया गया यह छोटा प्रयास बड़ा संदेश दे रहा है। शिक्षा विभाग का यह नवाचार न केवल पक्षियों के लिए राहत बन रहा है, बल्कि समाज को संवेदनशीलता और प्रकृति प्रेम का संदेश भी दे रहा है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment