डॉ संजय जोशी, केसरिया हिंदुस्तान
ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षिजी के आशीर्वाद के रुप में बरसेगी अमृत वर्षा ; देश विदेश से बड़ी संख्या में गुरुकृपा पाने चेन्नई पहुंचेंगे श्रद्धालु भक्त
चेन्नई। सिद्धेश्वर वर्ल्ड फाउंडेशन चेन्नई केंद्र एवं श्री ब्रह्मर्षि आश्रम, तिरुपति के संयुक्त तत्वावधान में अतिदिव्य गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव-2026 का भव्य आयोजन आगामी 26 एवं 27 जुलाई,को चेन्नई स्थित “द मद्रास बंगलोज़” में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में गुरु भक्त, साधक एवं श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षिजी का दिव्य सान्निध्य एवं पावन आशीर्वाद रहेगा। यह जानकारी देते हुए ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि आश्रम की महिला चेयरपर्सन श्रीमती सरला बोथरा ने बताया कि ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षिजी वर्तमान युग के ऐसे दिव्य संत हैं, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आध्यात्मिक जागरण, विश्व शांति एवं लोककल्याण के लिए समर्पित किया है। उनके प्रेरक संदेश व्यक्ति को अपनी आत्मशक्ति पहचानने, चरित्र निर्माण करने तथा ज्ञान, सेवा और सदाचार के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षिजी शिक्षा, सेवा, साधना और संस्कार को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं। उनका जीवन दर्शन लर्निंग, अर्निंग और रिटर्निंग के सिद्धांत पर आधारित है, जिसका अर्थ है ज्ञान अर्जित कर स्वयं को योग्य बनाना, ईमानदारी से आजीविका अर्जित करना तथा अपनी क्षमता और संसाधनों को पुनः समाज के कल्याण के लिए समर्पित करना। वे मानव सेवा को ही ईश्वर की सच्ची उपासना मानते हुए कहते हैं कि “मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है।” उनके उपदेशों में संयम, अहिंसा, तप, सदाचार, आत्मचिंतन तथा नैतिक जीवन को विशेष महत्व दिया गया है।
महोत्सव के प्रथम दिवस 26 जुलाई, रविवार को सायंकाल भव्य गुरु पूर्णिमा समारोह आयोजित होगा। इस दौरान गुरु पूजन, गुरु वंदना, मंगलमयी अमृतवाणी, आध्यात्मिक प्रवचन, महामंगल आरती एवं सिद्धेश्वर श्रीजी के दिव्य आशीर्वाद का लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। वहीं 27 जुलाई, सोमवार को प्रातः 10 बजे से ॐ सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षिजी द्वारा मंत्र दीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा से जुड़कर आध्यात्मिक साधना का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा।
श्रीमती सरला बोथरा ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन आध्यात्मिक मूल्यों, विश्व बंधुत्व, मानव सेवा एवं नैतिक जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक विराट अभियान है। पूज्य सिद्धेश्वर गुरुवर के दिव्य संदेश लोगों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नैतिक आचरण और आध्यात्मिक उन्नति की भावना का संचार करते हैं। उनका मानना है कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य के जीवन की दिशा और दशा दोनों को बदलने की क्षमता रखता है तथा सच्चे गुरु के मार्गदर्शन से व्यक्ति आत्मिक शांति, सुख, समृद्धि और जीवन के वास्तविक उद्देश्य की प्राप्ति कर सकता है। सिद्धेश्वर वर्ल्ड फाउंडेशन, चेन्नई केंद्र एवं श्री ब्रह्मर्षि आश्रम, तिरुपति के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजक प्रकाश खिवसरा एवं जगदीश कडवल ने इस दो दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव में सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं साधकों को परिवार सहित सादर आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में शांतिलाल मेहता, आशीष मेहता के अलावा मंत्र दीक्षा में जितेंद्र श्रीमाली, प्रमोद पालीवाल की उपस्थिति अहम रहेगी। आयोजकों ने अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सिद्धगुरुवर के दिव्य सान्निध्य, आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







