“नितिन जौहरी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के द्वितीय दिवस का शुभारंभ योग एवं प्राणायाम के साथ हुआ। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की शुरुआत के पूर्व भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के आठवें सत्र में योग आयोग के अध्यक्ष राघवेन्द्र शर्मा ने “भाजपा की कार्यपद्धति” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना से प्रेरित है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” के विचार को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सुराना ने की।
दसवें सत्र में “सोशल मीडिया, प्रभावी मीडिया, एआई एवं नई तकनीकी के माध्यम से सकारात्मक परसेप्शन निर्माण” विषय पर प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी एवं प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया विभाग सुयश त्यागी ने कार्यकर्ताओं को आधुनिक संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान नमो एप एवं सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। सत्र की अध्यक्षता सन्नी महाजन ने की।
ग्यारहवें सत्र में भाजपा जिला प्रभारी विकास वीरानी एवं स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश सहसंयोजक चंद्रशेखर रघुवंशी ने “व्यवहारिक बोध” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय ने की।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने “जिज्ञासा समाधान” सत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और विकसित भारत 2047 का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, सेवा और समर्पण से ही पूर्ण होगा।”
महेंद्र सिंह ने कहा कि “संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता जितना अधिक जनता के बीच रहेगा, उतना ही संगठन मजबूत होगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा।”
इस सत्र की अध्यक्षता सीहोर विधायक सुदेश राय ने की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग में संभाग प्रभारी डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास वीरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी दिलबर यादव सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







