मोहन गुर्जर (मनोज)
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ़
मंदसौर। अफजलपुर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। थाना क्षेत्र के पांच अलग-अलग गांवों में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। मंदिर की नगदी से लेकर खेत की डीपी, घर के जेवर और बाइक तक चोरों ने कुछ नहीं छोड़ा। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोग थाना अफजलपुर पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा, धरना और नारेबाजी हुई।
सबसे पहले मामला गांव रठाना गांव के मंदिर का सामने आया। शुरुआत में दान पेटी तोड़कर चोरी की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस की प्राथमिक जांच में नया खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार दान पेटी टूटी नहीं थी बल्कि उसके लॉक को चाबी से खोला गया था। मंदिर में डबल लॉक व्यवस्था होने के बावजूद नगदी चोरी हो गई। ऐसे में अब मामला संदेह के घेरे में आ गया है।इस मामले में किर्ति बघेल ने बताया कि
“प्राथमिक जानकारी के अनुसार मंदिर की दान पेटी टूटी नहीं है बल्कि उसके लॉक को चाबी से खोला गया है। नगदी चोरी हुई है। दान पेटी में डबल लॉक था। समिति के सदस्यों में भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चाबी किसके पास थी। हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं।” इसके बाद गांव बांसाखेड़ी गांव में चोर थ्रेशर मशीन को ट्रैक्टर से ले जाते हुए दिखाई दिए। लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते चोर मशीन खेत में छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते नजर नहीं पड़ती तो लाखों की मशीन गायब हो जाती। वहीं गांव इशाकपुर (ईश्वरपुर) में खेत पर लगी डीपी से ऑयल चोरी कर लिया गया। पीड़ित किसान का कहना है कि यह तीसरी बार ऑयल चोरी हुआ है। किसान ने आरोप लगाया कि पहले भी दो बार रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। चौथी वारदात गांव लच्छाखेड़ी गांव में हुई, जहां घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। वहीं पांचवीं घटना गांव गुदियाना गांव में सामने आई, जहां चोर घर में घुसकर जेवरात लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गुस्साए ग्रामीण सुबह से थाना अफजलपुर पहुंच गए और थाने का घेराव कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान “निकम्मी पुलिस मुर्दाबाद”, “रात में गश्त कहां जाती है?” और “चोरों को जल्द गिरफ्तार करो” जैसे नारे गूंजते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस हर रोज गश्त के दावे करती है, लेकिन एक ही रात में पांच-पांच वारदातें होना साबित करता है कि चोरों में पुलिस का बिल्कुल डर नहीं बचा। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







