(उदय ठक्कर मुंबई) कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट के उपाध्यक्ष एवं ठाणे जिला होलसेल व्यापारी वेलफेयर महासंघ के अध्यक्ष श्री सुरेश भाई ठक्कर ने बताया सतना देश के व्यापारियों की शीर्ष संस्था कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) सतना इकाई द्वारा चलाए जा रहे “कैट आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत प्रदेश सचिव अशोक दौलतानी के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय में सतना मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के व्यापार एवं परिवहन क्षेत्र की लगातार बिगड़ती परिस्थितियों पर गहन चिंता व्यक्त की गई।
व्यापारियों ने कहा कि औद्योगिक हब के रूप में पहचान रखने वाला सतना आज स्थानीय व्यापारियों एवं परिवहनकर्ताओं के लिए संघर्ष का केंद्र बनता जा रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बाहरी प्रदेशों एवं बाहरी कंपनियों के बढ़ते हस्तक्षेप के कारण स्थानीय व्यापारियों और वाहन मालिकों को पर्याप्त कार्य नहीं मिल पा रहा है।
परिणामस्वरूप छोटे ट्रांसपोर्ट व्यापारी आर्थिक संकट एवं भूखमरी की स्थिति तक पहुँच गए हैं।
सतना मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की स्थिति दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है तथा यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो स्थानीय व्यापार पूरी तरह समाप्ति की ओर बढ़ जाएगा।
महामंत्री अभिषेक जैन ने बताया कि जीएसटी व्यवस्था में वाहन मालिकों को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ न मिलने से परिवहन व्यवसायियों को लगभग 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त आर्थिक भार सहन करना पड़ रहा है।
बैठक में शहर की नो-एंट्री व्यवस्था, बाहरी लोगों का बढ़ता प्रभाव, पेट्रोल-डीज़ल सहित लगातार बढ़ती महंगाई, फैक्ट्रियों की मनमानी, भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली एवं व्यापारिक विसंगतियों पर गंभीर चर्चा हुई।
माल ढुलाई में स्थानीय परिवहनकर्ताओं को मिले 60% भागीदारी* मनोज शर्मा
एसोसिएशन द्वारा मांग की गई कि जिले की सीमेंट एवं औद्योगिक इकाइयों से होने वाली माल ढुलाई में स्थानीय परिवहनकर्ताओं को न्यूनतम 60 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा वर्तमान परिवहन भाड़ों में समयानुकूल वृद्धि की जाए।
कन्फ़ेडरेशन आफ आल इंडिया टेंडर्स टीम कैट सतना के जिलाध्यक्ष मनोहर वाधवानी ने बताया कि शहर में लागू अव्यवस्थित नो-एंट्री व्यवस्था के कारण गल्ला, किराना, कपड़ा, पेंट्स, सनमाइका, फ्लाई ऐश, प्लास्टिक सहित अनेक व्यापार गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे शहर की आर्थिक गतिविधियाँ कमजोर होती जा रही हैं।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों का मानना था कि पिछले कुछ वर्षों में सतना शहर विकास की दौड़ में लगातार पिछड़ता जा रहा है।
जिन कस्बों का व्यापार कभी सतना पर निर्भर था, वे आज सतना से अधिक व्यवस्थित एवं विकसित दिखाई दे रहे हैं।
व्यापारियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की वर्तमान स्थिति ने आमजन एवं व्यापारियों दोनों का जीवन प्रभावित कर दिया है।
अब समय आ गया है कि सतना के व्यापारी स्वयं शहर के हित में एकजुट होकर आगे आएँ तथा शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याओं को मजबूती से रखें।
बैठक में मनोज शर्मा, अशोक दौलतानी, मनोहर वाधवानी, अभिषेक जैन, संदीप मंगल, जितेंद्र साबनानी, हिमांशु, मनोहर डिगवानी, महेंद्र जैन, रामअवतार त्रिपाठी, दीपक वाधवानी, शंकर वाधवानी, रोहित अग्रवाल, सचिन जैन, सुरेंद्र गुप्ता, सुनील जैसवाल, पियूष पटनहा, नीलांबर झा, अनुप मंघनानी, अमरेश सिंह, विनोद गुप्ता, राजेश केसरवानी, बृजकिशोर अग्रवाल, प्रमोद मिश्रा, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी व्यापारियों ने सामूहिक रूप से शासन एवं प्रशासन से शीघ्र मुलाकात कर समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु प्रभावी पहल करने का निर्णय लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







