धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में विदिशा जिले के नगरीय निकायों की सराहनीय पहल
विदिशा जिले में भीषण गर्मी के बीच आमजन एवं पशु-पक्षियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगरीय निकायों द्वारा व्यापक स्तर पर पेयजल व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की विशेष पहल का क्रियान्वयन जिले की सभी नगरीय निकायों ने मानवता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जनसहयोग के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं।वर्तमान तक जिले की समस्त नगरीय निकायों द्वारा आमजन की सुविधा के लिए 82 प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें नगर निकायों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। आवश्यकता के अनुसार आगे भी संयुक्त प्रयासों से नए प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को गर्मी के दौरान शीतल पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।इन प्याऊओं में कहीं मटकों एवं पानी की टंकियों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, तो कई स्थानों पर आधुनिक वॉटर कूलर भी लगाए गए हैं। बाजारों, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों एवं अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में इन व्यवस्थाओं से राहगीरों एवं आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।
विशेष पहल के अंतर्गत केवल लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी गर्मी से राहत के इंतजाम किए गए हैं। नगरीय निकायों द्वारा मवेशियों के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के हौद बनाए गए हैं, ताकि उन्हें पर्याप्त पानी मिल सके। वहीं पक्षियों के लिए पेड़ों पर पानी से भरे सकोरे टांगे जा रहे हैं, जिससे भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके।इसके अतिरिक्त निकायों द्वारा आवारा कुत्तों के भोजन हेतु भी स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं, जहां नियमित रूप से भोजन एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिले में मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी यह पहल नागरिकों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी श्री जाबिर खान को निर्देशित किया है कि जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल संबंधी व्यवस्थाओं एवं समस्याओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से जिला मुख्यालय को अवगत कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में किसी भी नागरिक को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







