बिजली विभाग ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी हास्यास्पद रिपोर्ट

SHARE:

– रिपोर्ट में आमजन को सौ फीसदी निर्बाध्य बिजली आपूर्ति का किया दावा
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में शहरों से लेकर गांवों तक बिजली के लिए मची हाहाकार के बीच पॉवर कॉरपोरेशन ने आंकड़ों की बाजीगरी करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को 100 फीसदी बिजली आपूर्ति की रिपोर्ट भेजी है। दूसरी तरफ चारों जिलों की 50 लाख से अधिक आबादी को एक दिन भी 24 घंटे निर्बाध्य आपूर्ति नहीं मिल पा रही।
जिला मुख्यालय में 24 घंटे और गांवों में18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल लागू है लेकिन ट्रांसफार्मर, लाइन और अन्य उपकरणों में लगातार आ रहे फॉल्ट और खराबी से शहरों में प्रतिदिन कई-कई घंटे बिजली ठप हो रही है। गांवों में तो और बुरा हाल है। दूसरी तरफ पॉवर कॉरपोरेशन के अफसर आंखों में धूल झोंकने जैसी कहावत को सच साबित करते हुए शासन और मुख्यमंत्री के डैशबोर्ड को भेजी रिपोर्ट में मंडल के चारों जिलों में शेड्यूल के मुताबिक 100 प्रतिशत आपूर्ति का दावा कर रहे हैं।
आंकड़ों के खेल का ताजा उदाहरण पिछले माह मार्च में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड को भेजी रिपोर्ट में फरवरी माह में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 100 प्रतिशत बिजली आपूर्ति दर्शाई गई है। इन आंकड़ों से बुंदेलखंड के उपभोक्ता हैरत में हैं।
चित्रकूट मंडल के शहरी क्षेत्रों में रोजाना बिजली आपूर्ति का ग्राफ निर्धारित घंटे के अनुसार 672 घंटे बताया गया है। यह आंकड़ा उपभोक्ताओं के गले हरगिज नहीं उतर रहा। शहर में बमुश्किल 18 से 20 घंटे आपूर्ति मिल पा रही है। फाल्टों से दिन-रात आपूर्ति बाधित हो रही है। इतना ही नहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में मची अंधेरगर्दी का चौतरफा विरोध और शोर है। जिलाधिकारी से लेकर सब स्टेशनों तक शिकायतों की भरमार है। तकनीकी दलीलें देकर बिलों की गड़बड़ियां दुरुस्त नहीं की जा रहीं। दूसरी तरफ पॉवर कॉरपोरेशन ने चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में बिल संबंधी शिकायतों का 100 प्रतिशत निस्तारण कर दिए जाने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड को सूचना और आंकड़े भेजे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि फरवरी माह में चारों जिलों में बिल गड़बड़ी की कुल 11649 शिकायतें मिली थीं। इनमें 10529 का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में कर दिया गया। शेष शिकायतों का निस्तारण भी कर दिया गया है। चारों जिलों में बिल सुधार शत प्रतिशत करके ए ग्रेड प्राप्त किया है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई