आधी रात छापा, डीजल माफिया का भंडाफोड़! 232 लीटर अवैध डीजल संग गोदाम सील, गांव में मचा हड़कंप

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम

पीलीभीत। जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र में अवैध डीजल कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आधी रात छापेमारी कर एक गोदाम से 232 लीटर डीजल और मापने के उपकरण बरामद किए। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
पूरा मामला 25 अप्रैल की रात का है, जब पूर्ति निरीक्षक अमरिया मोहम्मद अनस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम नगरिया कॉलोनी में अंडरायन निवासी ललित वर्मा अपने निजी गोदाम में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर उसे ऊंचे दामों पर बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक ने तत्काल तहसीलदार अमरिया और थाना पुलिस की टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।
जब टीम मौके पर पहुंची तो गोदाम बंद मिला, जिससे संदेह और गहरा गया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी कुछ ही देर पहले गोदाम बंद कर वहां से निकल गया था। इसके बाद प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोदाम का ताला तुड़वाया गया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का नजारा देखकर टीम भी चौंक गई।
गोदाम के भीतर भारी मात्रा में डीजल के ड्रम रखे हुए थे। माप-तौल के उपकरण भी मौके से बरामद हुए, जिससे साफ हो गया कि यहां संगठित तरीके से अवैध डीजल का कारोबार चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मिट्टी ढोने वाले वाहनों से सस्ते दामों में डीजल खरीदता था और उसे संग्रहित कर गांव के लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे वह मोटा मुनाफा कमा रहा था।
इस पूरे मामले में पूर्ति निरीक्षक मोहम्मद अनस की तहरीर पर थाना अमरिया में आरोपी ललित वर्मा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले की गहन विवेचना शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश जारी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि अवैध कारोबार करने वालों पर अब सख्त शिकंजा कसा जाएगा। वहीं, इस छापेमारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य अवैध कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है और वे अब प्रशासन की नजर से बचने के लिए छिपने लगे हैं।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई