होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा: पीलीभीत में कड़ी निगरानी के बीच 25 से 27 अप्रैल तक होगी परीक्षा

SHARE:

हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो

डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने दिए सख्त निर्देश, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
पीलीभीत। जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गांधी सभागार में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को जनपद के 6 चयनित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी—पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, एटीएम कार्ड सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। नकल और अनुचित साधनों पर रोक लगाने के लिए कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड पहनकर ही प्रवेश करें। प्रश्न पत्रों की सीलिंग और अनसीलिंग की प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में कराई जाए और परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों की उपस्थिति में ही प्रश्न पत्रों के पैकेट खोले व बंद किए जाएं, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में अधिकारियों को परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का गहन निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, समस्त उप जिलाधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई