घनश्याम कुमार जिला ब्यूरो पत्रकार बनारस उत्तर प्रदेश से।
वाराणसी, 15 अप्रैल 2026
समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था रोटी बैंक वाराणसी द्वारा संचालित “रोटी से रोजगार” मुहिम के अंतर्गत आज एक सराहनीय पहल की गई। यह कार्यक्रम संस्था के संस्थापक स्वर्गीय किशोर कांत तिवारी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर चकिया (गौरी बबुरी) निवासी श्री सरोज वर्मा जी, जो पिछले 10 वर्षों से शत-प्रतिशत दिव्यांग हैं, को जनरल स्टोर (राशन की दुकान) स्थापित कराकर स्वरोजगार से जोड़ा गया। श्री वर्मा जी के परिवार में उनकी धर्मपत्नी एवं दो बेटियां तथा एक बेटा हैं। उनकी पत्नी सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन की इच्छा व्यक्त की। श्री वर्मा जी ने कहा कि वे किसी पर आश्रित नहीं रहना चाहते, बल्कि स्वयं का रोजगार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करना चाहते हैं।
रोटी बैंक वाराणसी ने उनकी इस इच्छाशक्ति को समर्थन देते हुए उन्हें स्वरोजगार का अवसर प्रदान किया। यह पहल संस्था के मार्गदर्शक प्रोफेसर प्रदीप कुमार मिश्रा जी के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अवसर पर रोटी बैंक वाराणसी के अध्यक्ष रोशन कुमार पटेल, विनय शुक्ला, रजत श्रीवास्तव दीपक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यह रोजगार समाज के सहयोगी एवं सेवाभावी व्यक्तियों के सहयोग से संभव हो सका। रोटी बैंक वाराणसी की यह पहल समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। संस्था आगे भी इसी प्रकार जरूरतमंद लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







