(ब्यूरो अनिल सोलंकी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान एटा)
एटा, मंगलवार: जिले के शिकोहाबाद रोड स्थित पुनीत पैलेस में संचालित सदाशिव हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक 50 वर्षीय महिला की दूषित रक्त चढ़ाने के बाद मौत हो गई। घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में भारी आक्रोश है।
मृतक महिला की पहचान कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम गिलौरी निवासी श्रीमती रूपा देवी (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला को रसौली (ट्यूमर) के ऑपरेशन के लिए एक दिन पहले सदाशिव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
दूषित रक्त चढ़ाते ही बिगड़ी हालत परिजनों ने हॉस्पिटल प्रबंधन पर गलत और दूषित रक्त चढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि रक्त चढ़ाने के दौरान ही महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रबंधन उसे बचाने में नाकाम रहा, जिसके बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
डॉक्टर और प्रबंधन फरार मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि जिम्मेदार डॉक्टर और प्रबंधन तंत्र के लोग मौके से फरार हो गए हैं। इससे परिजनों का गुस्सा और भड़क उठा।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और फिर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग परिजनों ने हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ घटना की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और सभी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
CMO बोले- हॉस्पिटल रजिस्टर्ड, शिकायत मिलने पर होगी जांच। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि किसी व्यक्ति ने फोन कॉल से घटना की जानकारी दी। प्रथम दृष्टया हॉस्पिटल रजिस्टर्ड है, लेकिन यदि कोई औपचारिक शिकायत मिलती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







