भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ चेंबर ऑफ कॉमर्स का शपथ ग्रहण समारोह, 72 पदाधिकारियों ने ली शपथ

SHARE:

रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार ।
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बलौदाबाजार इकाई की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को जिला ऑडिटोरियम में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नवीन अध्यक्ष लक्ष्मी साहू सहित कुल 72 पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का विधिवत निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम में व्यापारिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी दलजीत सिंह चावला एवं दिलीप माहेश्वरी द्वारा दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी ने की। विशिष्ट अतिथियों में विधायक संदीप साहू, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष गोपी साहू, नगर पंचायत कसडोल के अध्यक्ष नागेश्वर साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र म्हाले, पलारी नगर पंचायत उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, चेंबर के वरिष्ठ सदस्य एवं संरक्षक इंद्र कुमार जैन, निवर्तमान अध्यक्ष एवं संरक्षक जुगल भट्टर, छत्तीसगढ़ चेंबर के कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं रायपुर संभाग प्रभारी जसप्रीत सिंह सलूजा सहित पदाधिकारी लोकेश चंद्रकांत जैन, मनोज प्रजापति, प्रशांत गुप्ता, दिलीप इसरानी एवं निखिल पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने संगठन को सशक्त बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु कार्य करने का संकल्प लिया। अपने उद्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी ने नवीन टीम को बधाई देते हुए कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स सदैव छोटे व्यापारियों के हितों के लिए कार्य करता आया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में चेंबर द्वारा 1000 एकड़ भूमि की मांग की गई थी, जो स्वीकृत भी हुई, किंतु तकनीकी कारणों से पूर्ण नहीं हो पाई। वर्तमान सरकार से भी मार्केट प्लेस हेतु भूमि की मांग निरंतर की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नए रायपुर में चेंबर भवन के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जो चेंबर के लिए बड़ी उपलब्धि है।

पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स का इतिहास गौरवशाली रहा है। किसी भी संकट की घड़ी में चेंबर ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज एवं व्यापारियों के हित में कार्य किया है। वहीं विधायक संदीप साहू ने जिले की व्यापारिक संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बलौदाबाजार जिला सीमेंट उत्पादन के क्षेत्र में देशभर में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां सात अंतरराष्ट्रीय सीमेंट संयंत्र संचालित हैं तथा अन्य प्रस्तावित हैं। जिले के पोहा, चावल एवं दाल जैसे उत्पाद देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं, जो गौरव का विषय है।
निवर्तमान अध्यक्ष जुगल भट्टर ने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से अपेक्षा की कि वे सदस्यों के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं का निराकरण करें। वहीं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने बताया कि चेंबर की सदस्य संख्या के आधार पर यह देश में प्रथम स्थान पर है तथा सदस्यों के हित में विभिन्न सुविधाएं, जैसे अस्पतालों में उपचार पर छूट, प्रदान की जा रही हैं।समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के पश्चात स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक शामिल हुए।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई