(ब्यूरो अनिल सोलंकी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान एटा)
एटा, जनपद एटा में भूतपूर्व सैनिकों (ईएसएम) एवं वीर नारियों/वीरांगनाओं के सम्मान, पुनर्वास एवं कल्याण के उद्देश्य से जनेश्वर मिश्र सभागार में भव्य पूर्व सैनिक रैली एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद एटा एवं कासगंज से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल सुमित राणा, जीओसी पश्चिम यूपी सब एरिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक एटा विपिन कुमार डेविड एवं प्रत्येंद्र पाल सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में पूर्व सैनिकों के अद्वितीय योगदान, राष्ट्र की सुरक्षा में उनके समर्पण एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उनके सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार एवं प्रशासन की पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की।
रैली के दौरान पूर्व सैनिकों को उनके हितों से संबंधित नवीनतम नीतियों, पेंशन व्यवस्थाओं, पुनर्वास योजनाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जीओसी, विधायक, स्टेशन कमांडर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी महेंद्र प्रताप, उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के निदेशक, स्पर्श सेल आगरा तथा विभिन्न सैन्य रिकॉर्ड कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण वीर नारियों एवं वीरता पुरस्कार प्राप्त पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह रहा, जिसमें उन्हें अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन कर वातावरण को भावुक एवं गौरवपूर्ण बना दिया।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं का वितरण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। स्वास्थ्य शिविर का लाभ बड़ी संख्या में प्रतिभागियों द्वारा उठाया गया।
जनपद एटा एवं कासगंज के पूर्व सैनिकों एवं उपस्थित जनसमूह द्वारा इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई तथा इसे पूर्व सैनिकों के सम्मान, समस्याओं के समाधान एवं उनके समग्र कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







