मथुरा में सपा का जोरदार प्रदर्शन : स्मार्ट मीटर, गैस किल्लत और किसान मुद्दों पर सपा का कलेक्ट्रेट घेराव
मथुरा। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा ‘स्मार्ट प्रीपेड मीटर’ का विरोध है। सपा का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा जबरन लगाए जा रहे ये मीटर गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। इसके साथ ही हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर भी सपा ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी की मांग है कि पूरे मथुरा जनपद को ‘आपदा ग्रस्त’ घोषित किया जाए और प्रभावित किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में मुआवजा दिया जाए। साथ ही किसानों के कृषि ऋण माफ किए जाने की भी मांग उठाई गई है। गैस सिलेंडरों की किल्लत और शादी के सीजन में बढ़ती कालाबाजारी को भी सपा ने गंभीर समस्या बताया है। पार्टी का कहना है कि आम जनता को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। वहीं,नगर निगम पर भी सपा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में वृंदावन में हुए नाव हादसे को प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए इसकी नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। इसके अलावा शहर में जलभराव,भ्रष्टाचार और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए गए हैं। अब देखना होगा कि इस ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







