केसरीया हिंदुस्तान
मेरठ में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ता शुक्रवार को किसानों की समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और बकाया भुगतान पर ब्याज देने की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुधारने और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।किसानों ने कहा कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। साथ ही वर्ष 1996 से 2026 तक के गन्ना भुगतान पर 15 प्रतिशत की दर से बकाया ब्याज का भुगतान कराया जाए। किसानों का कहना था कि भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है।
पशुओं के लिए ठोस व्यवस्था और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग
भाकियू कार्यकर्ताओं ने आवारा पशुओं को पकड़ने और उन्हें गोशालाओं में रखने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को जरूरत के अनुसार समय पर बिजली नहीं मिल पा रही है। इसे देखते हुए बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाए। साथ ही गांवों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को पर्याप्त बिजली मिल सके।
पुराने ट्रैक्टरों पर रोक न लगाने की मांग
किसानों ने पुराने वाहनों, खासकर ट्रैक्टरों के संचालन को लेकर 10 से 15 साल की अवधि के आधार पर लगाई जाने वाली रोक से राहत देने की मांग की। उनका कहना है कि ट्रैक्टर खेती के लिए जरूरी हैं, इसलिए किसानों के ट्रैक्टरों पर ऐसी रोक नहीं लगाई जानी चाहिए।
इसके अलावा, किसान नेताओं ने लखनऊ में किसानों की बैठक के दौरान गेट बंद किए जाने के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर संगठन की ओर से जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देने का आह्वान किया गया था। इसी के तहत मेरठ में भी प्रदर्शन कर किसानों की समस्याएं उठाई गईं।







