मैहर मे बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर फिर छिड़ा विवाद, अनुमति नहीं मिली तो 28 जुलाई से आमरण अनशन का आदिवासियों ने किया ऐलान

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
विकास कुमार सोनी

मैहर जिले की बहिली पंचायत में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना का मामला अब आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। उलगुलान बिरसा फाउंडेशन और आदिवासी समाज ने प्रतिमा स्थापना की अनुमति की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। एसडीएम के अनुपस्थित रहने पर ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। समाज ने साफ कहा है कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो 28 जुलाई से मैहर कलेक्ट्रेट के सामने आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
आदिवासी समाज के अनुसार 27 जून 2026 को ग्राम बहिली में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। आरोप है कि 1 जुलाई को वन विभाग ने प्रतिमा हटाकर अपने डिपो में रख ली। इस कार्रवाई के विरोध में समाज ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से प्रतिमा वापस लौटा दी गई।
समाज का कहना है कि बाद में राजस्व विभाग से मिली जानकारी में स्पष्ट हुआ कि जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, वह वन भूमि नहीं बल्कि ग्राम बहिली की आराजी नंबर-8 की शासकीय भूमि है। इसके बावजूद अब तक प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं दी गई और न ही भूमि का सीमांकन कराया गया।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने मांग की है कि आराजी नंबर-8 की शासकीय भूमि का तत्काल सीमांकन कराया जाए, प्रतिमा स्थापना की विधिवत अनुमति दी जाए और भविष्य में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए भी भूमि आरक्षित की जाए। यदि जांच में भूमि वन विभाग की निकलती है तो प्रतिमा और सामुदायिक भवन के लिए वैकल्पिक शासकीय भूमि उपलब्ध कराई जाए।
आदिवासी समाज ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 28 जुलाई 2026 से मैहर कलेक्ट्रेट के सामने आमरण अनशन और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। समाज का कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment