नौशाद अहमद कुरैशी
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
मो. 9977365001
श्योपुर, 13 जुलाई। खरीफ फसलों के लिए सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्राम ढोटी स्थित चंबल मुख्य दाहिनी नहर पर सोमवार को सैकड़ों किसानों ने सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने कोटा बैराज से तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला ने कहा कि जिले में पर्याप्त बारिश नहीं होने और बिजली व्यवस्था प्रभावित रहने से धान, सोयाबीन सहित खरीफ फसलों की बुवाई एवं रोपाई संकट में है। जिन किसानों ने धान की रोपाई कर दी है, उनकी फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के बावजूद अब तक चंबल मुख्य दाहिनी नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, जबकि गांधी सागर बांध से राजस्थान के बूंदी और कोटा जिलों के लिए पानी छोड़ा जा चुका है। इसे श्योपुर के किसानों के साथ भेदभाव बताया गया।
धरना स्थल पर पहुंचे जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री चैतन्य चौहान ने किसानों को बताया कि विभाग द्वारा 10 एवं 13 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से शासन को नहर में पानी छोड़े जाने के संबंध में पत्र भेजे जा चुके हैं और शीघ्र पानी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान ने भी धरना स्थल पहुंचकर किसानों से चर्चा की तथा सिंचाई मंत्री तुलसी सिलावट एवं विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर नहर में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चंबल मुख्य दाहिनी नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। धरना-प्रदर्शन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







