ओमप्रकाश परमार,
देवास। जिले की कन्नौद और खातेगांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए किन्नर का भेष बनाकर राहगीरों से लूट करने वाले छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का जेवर, घटना में प्रयुक्त दो कारें तथा हथियार भी बरामद किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती सौम्या जैन ने बताया कि 2 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर इंदौर-बैतूल हाईवे स्थित ननासा सर्विस रोड पर डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 19 जून को एक व्यक्ति से किन्नर बनकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
फरियादी कुलदीप जाट निवासी बरखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात बदमाशों में से दो किन्नर के वेश में आए और उनकी कार रुकवाकर चाकू की नोक पर करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। बदमाशों के डर से पीड़ित ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन व कन्नौद थाना प्रभारी तहजीब काजी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील की गिरफ्तारी के बाद उसके साथियों जीवन, भैरवनाथ, लखन, अर्जुन और कैलाश को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने की मालाएं, एक सोने का टॉप्स, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा दो कारें बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







