दिनेश शुक्ला
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
नई डामर सड़क पर शुरू हुआ सीसी रोड निर्माण, नगरवासी पूछ रहे—जहां सड़कें नहीं, वहां इंतजार… यहां दोबारा निर्माण क्यों?
आलोट। नगर में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कारगिल चौराहे से ताल रेलवे फाटक तक लगभग दो माह पूर्व लाखों रुपये की लागत से डामर सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क पूरी तरह उपयोग में थी और नगरवासियों ने इसकी गुणवत्ता की सराहना भी की थी, लेकिन अब उसी सड़क के ऊपर सीसी रोड का निर्माण शुरू होने से पूरे नगर में चर्चा का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के कई वार्डों और गलियों में वर्षों से सड़कें जर्जर हालत में हैं। बरसात के दिनों में लोगों को कीचड़ और गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन वहां निर्माण कार्य नहीं हो रहा। इसके विपरीत, नई बनी सड़क पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने से लोग हैरान हैं।
निर्माण कार्य की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब डामर सड़क पूरी तरह उपयोग योग्य थी, तो उसके ऊपर सीसी रोड बनाने की आवश्यकता आखिर क्यों पड़ी? क्या इसके पीछे कोई तकनीकी कारण है या फिर योजना निर्माण और क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं?
नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देना होना चाहिए, जहां आज भी लोग बदहाल सड़कों से परेशान हैं। ऐसे में नई बनी सड़क पर दोबारा निर्माण होना आमजन के बीच चर्चा और जिज्ञासा का विषय बना हुआ है। लोगों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कर निर्माण की स्वीकृति, आवश्यकता और गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
अब निगाहें जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों पर हैं। यदि इस निर्माण के पीछे कोई तकनीकी आवश्यकता या स्वीकृत योजना है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनता के मन में उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब मिल सके। वहीं यदि कहीं अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही भी तय होना आवश्यक है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







