सेफ क्लिक 2.0′ साइबर जागरूकता मैराथन का शुभारंभ, सुरक्षित डिजिटल भारत का दिया संदेश

SHARE:

संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान

दमोह। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत दमोह में भव्य साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। तहसील ग्राउंड से शुरू हुई मैराथन को सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन तहसील ग्राउंड से प्रारंभ होकर बेलाताल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्ट्रेट, स्टेडियम, किल्लाई नाका, बस स्टैंड और कीर्ति स्तंभ होते हुए पुनः तहसील ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहरवासियों ने भाग लेकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल, फर्जी संदेश या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने लोगों से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश और सोशल मीडिया ठगी जैसे मामलों से बचने के लिए जागरूक रहना आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो उसे बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने कहा कि पारंपरिक अपराधों की तुलना में अब साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। अपराधी मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम, सीवीवी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान आमजन को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment