गो-पालन योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, पशु चिकित्साधिकारी से दो दिन में मांगा जवाब

SHARE:

रामचंद्र रावत
केसरिया हिंदुस्तान/ ब्यूरो प्रभारी महाराजगंज

₹80 हजार अनुदान दिलाने के नाम पर टैग, मुहर और फाइल खर्च के लिए ₹6,500 मांगने की शिकायत; मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
महराजगंज। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी गो-पालन योजना में अनुदान दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने सदर के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धमेन्द्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्ट स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
कार्यालय मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 4 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवा राजा निवासी अनील यादव ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वह अपनी पत्नी सीमा यादव के नाम पर गो-पालन योजना के अंतर्गत ₹80 हजार के अनुदान के लिए आवेदन कराने पशु चिकित्सालय महराजगंज पहुंचे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान प्रति पशु टैग लगाने के नाम पर ₹1,000, मुहर लगाने के लिए ₹500 तथा फाइल तैयार करने के नाम पर ₹5,000 की मांग की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि फाइल बनाने में कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें कार्यालय से भगा दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर तथ्यात्मक एवं साक्ष्ययुक्त स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब न देने या संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा शिकायतकर्ता अनील यादव को भी भेजी गई है। विभागीय कार्रवाई शुरू होने से पशुपालन विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में शिकायत सही साबित होती है या नहीं।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई