जल गंगा संवर्धन अभियान का दीप प्रज्वलन एवं जल संरक्षण संकल्प के साथ हुआ गरिमामय समापन

SHARE:

दिनेश शुक्ला
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
आलोट। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का विकासखंड आलोट में जन अभियान परिषद द्वारा नगर की ऐतिहासिक बावड़ी पर दीप प्रज्वलन, स्वच्छता अभियान एवं जल संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ गरिमामय समापन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नगर परिषद आलोट के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने उद्बोधन में जल को प्रकृति का अमूल्य उपहार बताते हुए कहा कि “जल है तो कल है”। उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट एवं गिरते भूजल स्तर को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जन-जन का आंदोलन बनना चाहिए।
कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक मुकेश कटारिया ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड आलोट में तीन चरणों में व्यापक जनजागरण एवं श्रमदान गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पानी प्याऊ स्थापना, कलश यात्रा, दीवार लेखन, निबंध लेखन प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां, ग्राम चौपाल, श्रमदान, नदी एवं जल स्रोत पूजन, बोरी बंधान, वृक्ष पूजन, जल स्रोतों की साफ-सफाई, दीपदान तथा जनजागरूकता रैलियों सहित अनेक रचनात्मक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, परामर्शदाता एवं CMCLDP के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कटारिया ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है।
इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह सोलंकी, सेवानिवृत्त शिक्षक भवर सिंह सोलंकी, विकासखंड समन्वयक मुकेश कटारिया सहित उपस्थित अतिथियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर परामर्शदाता ऋषिकांत सिंह पंवार ने उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने एवं जल की प्रत्येक बूंद के सदुपयोग का सामूहिक संकल्प दिलाते हुए जल संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन हेमेंद्र सिंह निगम ने किया तथा आभार प्रदर्शन ऋतुराज रावल द्वारा किया गया।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment